News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

जबलपुर–रीवा एक्सप्रेस के कोच से उठा धुआं, ऊंचेहरा स्टेशन पर 36 मिनट रुकी ट्रेन

जबलपुर, 13 मार्च । पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत जबलपुर से रीवा जा रही एक्सप्रेस ट्रेन के एक कोच से धुआं निकलने से शुक्रवार की सुबह ऊंचेहरा रेलवे स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना शुक्रवार ११ बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन के एक कोच से अचानक धुआं उठता देख यात्रियों में घबराहट फैल गई। यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना रेल कर्मचारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर उतार लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन पर मौजूद रेलवे अधिकारी और तकनीकी स्टाफ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि ट्रेन के कोच क्रमांक 114674 के पहिए में ब्रेक बाइंडिंग होने के कारण धुआं उठ रहा था।

रेल कर्मचारियों ने तुरंत तकनीकी जांच कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे कोच की सावधानीपूर्वक जांच की। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी यात्री सुरक्षित रहे।

तकनीकी टीम द्वारा जांच पूरी किए जाने के बाद ट्रेन को आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी गई। करीब 36 मिनट तक ऊंचेहरा स्टेशन पर खड़ी रहने के बाद ट्रेन दोपहर 11:36 बजे अगले स्टेशन के लिए रवाना हुई। रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने की बात कही है।

Leave a Reply