News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

रायपुर : जनवरी 2026 से अब तक 949 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध हुई कार्रवाई

रायपुर, 12 मार्च । राजधानी रायपुर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा निरंतर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डॉ संजीव शुक्ला पुलिस कमिश्नर और विकास कुमार पुलिस उपायुक्त, यातायात एवं प्रोटोकॉल के निर्देशानुसार शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में एम व्ही एक्ट की धारा 185 प्रावधानों के तहत इस वर्ष जनवरी में 130, फरवरी में 279, मार्च में अब तक 540 कुल 949 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है, जिन्हें नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया।

इस अभियान के अंतर्गत दिनांक 11 मार्च 2026 की रात्रि में रमेश येरेवार एवं सतीष ठाकुर एसीपी यातायात के नेतृत्व में शहर के पांच स्थानों फुण्हर चौक , टेमरी चौक , ऊर्जा पार्क रोड, ऐश्वर्या बाजार एवं होटल लेवल 3 के सामने विधानसभा रोड पर क्रमशः निरीक्षक कमलेश देवांगन यातायात थाना भाटागांव , निरीक्षक शैलेंद्र सिंह ठाकुर यातायात थाना पंडरी, निरीक्षक ढालूदास मानिकपुरी यातायात थाना शारदा चौक, निरीक्षक वैभव मिश्रा यातायात थाना भनपुरी एवं निरीक्षक सुशील चंद्रकर्ष यातायात थाना फाफाडीह एवं यातायात पुलिस स्टॉफ के साथ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाते हुए कुल 58 वाहन चालकों को पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध चालान की कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

विकास कुमार पुलिस उपायुक्त, यातायात एवं प्रोटोकॉल ने जानकारी देते हुए गुरुवार को बताया कि, माह जनवरी में 130, फरवरी में 279, मार्च में अब तक 540 कुल 949 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। ड्रंक एंड ड्राइव कार्यवाही का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना ,जान माल की रक्षा करना ,सड़क में चलते समय अनुशासन लाना है। लोगों में भ्रांति है कि, पुलिस कोई टारगेट पूरा करने अभियान चलाती है। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं तथा अन्य लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी है, अतः इस पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।

यातायात पुलिस वाहन चालकों एवं नागरिकों से अपील करती है कि, वे सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं। यातायात पुलिस द्वारा शहर में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे विशेष अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे, ताकि सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित की जा सके।

Leave a Reply