एसीबी की कार्रवाई में एपीओ विकास अधिकारी की कार से 1.55 लाख रुपये की संदिग्ध राशि बरामद
जयपुर, 11 मार्च । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कोटा टीम ने आकस्मिक चेकिंग के दौरान पंचायत समिति कोटड़ी (भीलवाड़ा) के एपीओ विकास अधिकारी रामविलास मीणा की कार से 1 लाख 55 हजार 275 रुपये की संदिग्ध राशि बरामद की है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर की गई।
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि कोटा चौकी को गोपनीय सूचना मिली थी कि पंचायत समिति कोटड़ी, जिला भीलवाड़ा के विकास अधिकारी रामविलास मीणा, जिन्हें वर्तमान में पदस्थापन की प्रतीक्षा (एपीओ) पर रखा गया है, पूर्व में पास किए गए बिलों के एवज में ठेकेदारों से अवैध राशि लेकर अपने वाहन से कोटा आ रहे हैं। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए एसीबी टीम ने कोटा-चित्तौड़ मार्ग पर हैंगिंग ब्रिज टोल नाके के पास कार्रवाई की। यहां मारुति स्विफ्ट वीडीआई कार (नंबर आरजे17 सीए 5312) में सवार रामविलास मीणा और वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 1,55,275 रुपये की नकद राशि बरामद हुई।
एसीबी के अनुसार पूछताछ में रामविलास मीणा इस राशि के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिसके बाद राशि को जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक आनन्द शर्मा के निर्देशन में तथा एसीबी कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में पुलिस उप अधीक्षक अनीश अहमद सहित एसीबी कोटा की टीम शामिल रही।