धौलपुर के पासपोर्ट आफिस को बम से उडाने की धमकी
धौलपुर, 10 मार्च । जिला मुख्यालय पर मुख्य डाकघर में स्थित पासपोर्ट आफिस को बम से उडाने की धमकी मिली है। मंगलवार दोपहर मेल पर आए धमकी के मैसेज के बाद में मुख्य डाकघर, पासपोर्ट आफिस तथा आसपास के इलाके को खाली कराया गया। पुलिस तथा अन्य एजेन्सी सतर्कता बरतते हुए पूरे मामले की पडताल में जुटीं हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दक्षिण भारत के कोयंबटूर से प्रदेश के जयपुर स्थित रीजनल पासपोर्ट कार्यालय को मेल भेजा गया। इस मेल में धौलपुर के मुख्य डाकघर स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उडाने की धमकी दी गई। मेल में धौलपुर के साथ ही प्रदेश के कई पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट ऑफिसों को दोपहर करीब एक बजे बम से उड़ाने की बात कही गई थी। जयपुर के रीजनल पासपोर्ट ऑफिस से मेल मिलने के बाद में धौलपुर के मुख्य डाकघर प्रशासन की ओर से पुलिस को बम की धमकी के संबंध में सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली,थाना निहालगंज और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम ने संभावित बम धमाके एवं सुरक्षा कारणों से मुख्य डाकघर,पासपोर्ट आफिस तथा आसपास के क्षेत्र को खाली कराया। पुलिस के साथ विशेषज्ञ टीम भी मौके पर पहुंची तथा हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच के दौरान बम अथवा किसी अन्य संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन सुरक्षा के चलते पुलिस सतर्क है और मामले की जांच जारी है।