बीकानेर विकास प्राधिकरण की आय में 315 प्रतिशत वृद्धि
बीकानेर, 09 मार्च । बीकानेर विकास प्राधिकरण बोर्ड की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्राधिकरण अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्राधिकरण की वित्तीय प्रगति और आगामी योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में वृष्णि ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्राधिकरण ने 375.33 करोड़ रुपये की आय अर्जित की, जबकि वर्ष 2024-25 में यह आय 90.49 करोड़ रुपये थी। इस प्रकार आय में लगभग 315 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि भूमि विक्रय के माध्यम से आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। 85 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 234.12 करोड़ रुपये की आय हुई।
उन्होंने कहा कि आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 में नाल इंट्रीग्रेटेड योजना, 1 बीएसएम जयपुर-श्रीगंगानगर बाईपास योजना और भोजनशाला वेयरहाउस योजना सहित विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 136 करोड़ रुपये की आय अर्जित करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं कृषि भूमि नियमन से आय में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 1319 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है और अगले वर्ष इस मद में करीब 15 करोड़ रुपये की आय का अनुमान है।
वृष्णि ने बताया कि वर्ष 2025-26 में शहर के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार पर लगभग 111.29 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसके तहत योजना क्षेत्र में सड़कों और नालियों का निर्माण, पार्कों का सौंदर्यकरण तथा स्ट्रीट लाइट जैसी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्राधिकरण द्वारा 300 करोड़ रुपये की अनुमानित आय और 300 करोड़ रुपये के व्यय का संतुलित बजट प्रस्तावित किया गया है। इसमें योजना क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास के लिए लगभग 82.55 करोड़ रुपये तथा सड़क, पार्क, नाली और स्ट्रीट लाइट कार्यों के लिए करीब 25.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।