News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

सिरसा: नशा तस्कर की 83 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज

सिरसा, 09 मार्च । स्थानीय पुलिस ने एक नशा तस्कर की करीब 83 लाख रुपये की संपत्ति को फ्रीज किया है। डीएसपी कपिल अहलावत ने सोमवार को बताया कि जिले के गांव रघुआना निवासी प्रगट सिंह लंबे समय नशे के अवैध धंधे में संलिप्त था और उसके खिलाफ आठ मामले दर्ज हैं। आरोपी द्वारा नशा तस्करी से अर्जित की गई संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।

डीएसपी कपिल अहलावत ने बताया कि पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार से जुड़े आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उनकी संपत्ति को फ्रीज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब नशा तस्करों को सिर्फ जेल नहीं भेजा जाएगा बल्कि नशे के कारोबार से बनाई गई उनकी संपत्ति भी कानून के तहत जब्त की जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपी प्रगट सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत आठ मामले दर्ज हैं। इनमें 190 किलो चूरापोस्त से जुड़ा मामला भी शामिल है। आरोपी फिलहाल पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत पर है। जांच के दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी की आय और संपत्तियों की जांच की। इसमें उसकी वैध आय से कई गुणा अधिक संपत्ति पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए 83 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा आठ महीनों में सात नशा तस्करों की करीब दो करोड़ 18 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है। डीएसपी कपिल अहलावत ने कहा कि पुलिस की नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति है और अन्य नशा तस्कर भी पुलिस की रडार पर हैं।

Leave a Reply