अनूपपुर : रोहन जैन ने तीसरे प्रयास में पाई यूपीएससी में सफलता, 758वीं रैंक से बढ़ाया जिले का मान
अनूपपुर, 06 मार्च । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा नगर निवासी रोहन जैन ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की वर्ष 2025–26 की परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए 758वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से नगर सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।
जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय रोहन जैन ने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा लगातार तीन बार दी और तीसरे प्रयास में सफलता प्राप्त कर अपना लक्ष्य हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
रोहन जैन नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी राजेश जैन के छोटे पुत्र हैं। उनके पिता राजेश जैन की कोतमा नगर में पंचायती मंदिर के सामने जनरल स्टोर की दुकान है। सामान्य परिवार से आने वाले रोहन ने अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर यह सफलता अर्जित कर परिवार और जिले का नाम रोशन किया है।
परिवार का भी उन्हें पूरा सहयोग मिला। उनकी माता शुद्धात्मप्रभा जैन ने हमेशा पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। रोहन के बड़े भाई रोहिस जैन एम.कॉम की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं, जबकि दूसरे भाई रोहित जैन असम के गुवाहाटी में एमटेक की पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार में शिक्षा का अच्छा वातावरण रहा, जिसका सकारात्मक प्रभाव रोहन की सफलता में दिखाई देता है।