जवाहर सर्किल पुलिस ने 250 किलो मिलावटी पनीर जब्त कर नाले में किया नष्ट
जयपुर, 04 मार्च । होली और रमजान के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने टीला नंबर-1 के पास एक डेयरी से जुड़े मामले में करीब 250 किलोग्राम संदिग्ध व मिलावटी पनीर की खेप जब्त कर नष्ट कर दी। यह पनीर अलवर के मेवात क्षेत्र से तैयार होकर जयपुर लाया गया था।
पुलिस के अनुसार 2 मार्च की रात पीसीआर टीम गश्त पर थी। इसी दौरान टीला नंबर-1 के पास राधे बेकर्स के बाहर एक बाहरी नंबर की पिकअप गाड़ी खड़ी दिखाई दी। पुलिस वाहन को देखते ही वहां मौजूद एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। उसके अचानक भागने से पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद पिकअप वाहन की तलाशी ली गई।
जांच के दौरान वाहन में रखे कंटेनरों में बड़ी मात्रा में पनीर भरा मिला। कंटेनर खोलते ही पनीर से तेज और असामान्य बदबू आने लगी, जिससे उसके मिलावटी होने की आशंका प्रबल हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जिला कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम को सूचना दी तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) जयपुर की फूड सेफ्टी टीम को मौके पर बुलाया।
फूड सेफ्टी टीम अधिकारी विशाल मित्तल के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे। प्रारंभिक जांच में पनीर को संदिग्ध एवं मिलावटी मानते हुए पूरी खेप को नष्ट करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस और फूड सेफ्टी टीम की निगरानी में करीब 250 किलोग्राम पनीर को ईदगाह के पास स्थित नाले में डालकर नष्ट कर दिया गया। साथ ही पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। फरार व्यक्ति की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।