सरिया चोरी के आरोप में युवक की बांधकर पिटाई
पूर्वी सिंहभूम, 21 फ़रवरी । शहर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मानगो फ्लाईओवर के पास निर्माणाधीन कार्य स्थल से लोहे के सरिया चोरी करने के आरोप में एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और उसकी बांधकर पिटाई कर दी। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आराेपित युवक और मारपीट करने वाले लोग वहां से फरार हो चुके थे।
जानकारी के अनुसार फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे निर्माण कार्य के लिए सरिया और अन्य सामग्री रखी गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक युवक वहां पहुंचा और कथित रूप से कुछ सरिया उठाकर ले जाने लगा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आसपास के लोगों ने उसे रोक लिया। पूछताछ के दौरान चोरी का आरोप लगाते हुए लोगों ने उसे पकड़कर रस्सी से बांध दिया।
देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और कुछ लोगों ने आक्रोश में युवक की पिटाई कर दी। बताया जाता है कि काफी देर तक हंगामा होता रहा। हालांकि इस दौरान किसी ने तुरंत पुलिस को सूचना नहीं दी। बाद में सूचना मिलने पर मानगो थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन वहां न तो आरोपित मिला और न ही भीड़ में शामिल लोग।
पकड़े गए युवक की पहचान भालुबासा निवासी सौरभ मुखी के रूप में बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सत्यता की जांच की जा रही है। अब तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।