News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

श्योपुर : कराहल की नोनपुरा घाटी में फर्नीचर के ट्रक से उठी आग की लपटें, 10 लाख के सौफे जलकर राख

श्योपुर , 19 फ़रवरी । मध्‍य प्रदेश के श्योपुर जिले के कराहल स्थित नोनपुरा घाटी में गुरुवार दोपहर भोपाल से श्योपुर आ रहे फर्नीचर से भरे ट्रक में आग लग गई। इस आगजनी में ट्रक में लदे करीब 10 लाख रुपए के सोफे जलकर राख हो गए। आग लगने के बाद घाटी मार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जानकारी के अनुसार, ट्रक भोपाल से फर्नीचर लेकर श्योपुर आ रहा था। इसी दौरान कराहल घाटी के मोड़ पर पहुंचते ही ट्रक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा ट्रक लपटों की चपेट में आ गया। राहगीरों ने आग देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। लोगों द्वारा ट्रक के डीजल टैंक में विस्फोट होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

चालक ने कूदकर बचाई जान

ट्रक चालक ने बताया कि उन्हें अचानक केबिन के पीछे से धुआं उठता दिखाई दिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया। उन्होंने तुरंत ट्रक रोककर कूदकर अपनी जान बचाई। चालक के अनुसार, उनका मोबाइल फोन, बिल्टी और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज ट्रक के अंदर ही जल गए। घटना की सूचना मिलते ही कराहल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों ओर से वाहनों को सुरक्षित दूरी पर हटवाया और जाम को नियंत्रित करते हुए यातायात को आंशिक रूप से बहाल किया। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, जो आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची।

10 लाख का बताया जा रहा नुकसान

प्राथमिक अनुमान के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी के कारण लगी हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। वहीं लोगों द्वारा डीजल टेंक फटने को आग का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपए का माल जलकर नष्ट हो गया।

Leave a Reply