News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

बलरामपुर : खनिज न्यास, सड़क सुरक्षा व पशु कल्याण समिति की बैठक

बलरामपुर, 19 फ़रवरी । जनपद पंचायत राजपुर के सभाकक्ष में गुरुवार काे जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद, सांसद सड़क सुरक्षा समिति तथा जिला पशु रोगी कल्याण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के आदिम जाति विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम वर्चुअल रूप से शामिल हुए।

बैठक में चिंतामणि महाराज, उद्देश्वरी पैंकरा, शकुंतला पोर्ते सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला खनिज संस्थान न्यास के कार्यों की समीक्षा

जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएफएम) अंतर्गत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्री नेताम ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा स्वीकृत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वित्तीय वर्ष 2024-25 के कार्यों की प्रगति तथा 2025-26 की कार्ययोजना पर भी चर्चा कर अनुमोदन संबंधी प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए।

सड़क सुरक्षा पर सख्ती के निर्देश

सांसद सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मंत्री नेताम ने नशे में वाहन चलाने और तेज रफ्तार पर कड़ी चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाट-बाजारों में जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। हेलमेट और चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सांसद महाराज ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में तेजी लाने पर बल दिया। उन्होंने पीएम जनमन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप बनाने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक द्वारा अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने की जानकारी दी गई।

पशु रोगी कल्याण समिति की बैठक

जिला पशु रोगी कल्याण समिति की बैठक में पशु चिकित्सा सेवाओं के तहत किए गए कार्यों एवं प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा की गई। पंजीयन शुल्क निर्धारण, आवश्यक संसाधनों एवं तकनीकी मशीनों की खरीदी के संबंध में चर्चा कर प्रस्ताव अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply