News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

जबलपुरः प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में आज युवा संगम कार्यक्रम

जबलपुर, 19 फरवरी । मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आज गुरुवार को ‘युवा संगम’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकौशल स्वशासी महाविद्यालय, जबलपुर में संपन्न होगा।

जिला रोजगार कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम का आयोजन शासकीय मॉडल आईटीआई जबलपुर तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। मेले का मुख्य लक्ष्य जिले के युवाओं को एक ही छत के नीचे निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों से जोड़ना है। इसके साथ ही युवाओं को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की जाएगी ताकि वे स्वावलंबी बन सकें।

इस मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई तथा पॉलिटेक्निक डिप्लोमा उत्तीर्ण युवा भाग ले सकते हैं। आवेदकों की आयु सीमा 18 वर्ष से 30 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। कंपनियों द्वारा योग्य उम्मीदवारों का चयन सीधे साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। इच्छुक आवेदक प्रातः 11:00 बजे प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय महाकौशल स्वशासी महाविद्यालय, सिविल लाइंस, जबलपुर में शैक्षणिक अंकसूची एवं प्रमाण पत्र, बायोडाटा सहित उपस्थित हो सकते हैं।

Leave a Reply