पद्मश्री मोहम्मद शाहिद प्राइज मनी पुरुष हॉकी प्रतियोगिता की शुरुआत
वाराणसी, 17 फरवरी(हि. स.)। उत्तर प्रदेश खेल विभाग की ओर से वाराणसी के बड़ा लालपुर स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर क्रीड़ा संकुल में पद्मश्री मोहम्मद शाहिद प्राइज मनी पुरुष हॉकी प्रतियोगिता की शुरुआत हुईं। 17 से 24 फरवरी तक चलने वाले प्रतियोगिता का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने ओलम्पियन स्वर्गीय मोहम्मद शाहिद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष ने खिलाड़ियों से कहा कि वे खेल को केवल जीत-हार तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र सेवा का साधन बनाएं। खेल से शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए निष्पक्ष एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आग्रह किया।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार दो लाख, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार पचास हजार का रखा गया है। आज का उद्घाटन मैच उत्तर प्रदेश पुलिस और सीआईएसएफ के बीच खेला गया। इस प्रतियोगिता में 12 टीमें भाग ले रही हैं। कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोगों में स्वर्गीय मोहम्मद शाहिद की पत्नी परवीन शाहिद शाहिद, ओलंपियन ललित उपाध्याय की पत्नी दीक्षा तिवारी, मुख्य क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह, राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी मुस्ताक अली, तौफीक रजा, शकील अहमद रहे।