News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

अजमेर में पवन खेड़ा का केंद्र पर हमला, बोले डरकर की ट्रेड डील, नुकसान जनता को

अजमेर, 15 फ़रवरी । कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील प्रधानमंत्री ने “डरकर” की है और जब राजा डरता है तो नुकसान प्रजा को उठाना पड़ता है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री कहा करते थे कि डॉलर और मनमोहन सिंह की उम्र में प्रतिस्पर्धा चल रही है, लेकिन आज डॉलर की कीमत मोदी की उम्र से अधिक हो गई है। उनका आरोप था कि मौजूदा ट्रेड डील का खामियाजा किसानों और व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है।

रविवार को खेड़ा अजमेर दरगाह शरीफ पहुंचे और जियारत की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि धर्म को राजनीति का माध्यम नहीं बनाना चाहिए। कांग्रेस हमेशा इसके खिलाफ रही है और राजनीति मुद्दों पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम लेते हुए कहा कि वे और प्रधानमंत्री दोनों ही कुछ सवालों के जवाब नहीं दे रहे हैं। “यह रिश्ता क्या था और क्यों था, इसका जवाब दिया जाना चाहिए,” उन्होंने कहा।

राजस्थान की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए खेड़ा ने राज्य सरकार को “पर्ची की सरकार” बताया और कहा कि इसकी कीमत प्रदेश की जनता चुका रही है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान की जनता बदलाव के लिए तैयार बैठी है और चुनाव का इंतजार कर रही है। भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि मुकाबले में भारत की जीत होगी।

Leave a Reply