News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

कैथल: हार के बाद काेल्ड ड्रिंक पिलाने के विवाद में की गई थी नवराज की हत्या

कैथल, 15 फ़रवरी । कैथल जिले के गांव रामथली में 17 वर्षीय किशोर नवराज की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि डेरा खरकां निवासी 20 वर्षीय नवजोत को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विवाद की शुरुआत वॉलीबॉल खेलते समय कोल्ड ड्रिंक को लेकर हुई थी। आरोपियों के अनुसार, नवजोत ने शर्त रखी थी कि जो टीम हारेगी, वह सभी को कोल्ड ड्रिंक पिलाएगी, अन्यथा मैच नहीं खेलने दिया जाएगा। इस बात पर नवराज के दोस्त विनीत ने आपत्ति जताई, जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और बाद में सभी अपने-अपने घर लौट गए।

बताया गया कि बाद में समझौते के बहाने विनीत को माइनर (नहर किनारे) पर बुलाया गया। विनीत अपने साथ नवराज को भी ले गया। वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर हमला कर दिया, जिसमें नवराज की कृपाण से वार कर हत्या कर दी गई।

मृतक के पिता मंगल सिंह ने बताया कि उनका परिवार खेतों के पास डेरों में रहता है। घटना के समय वह अपने परिवार के साथ पटियाला दवाई लेने गए हुए थे। नवराज ने घर से निकलते समय मां को बताया था कि वह डेरे से गांव किसी जरूरी काम से जा रहा है और जल्द लौट आएगा, लेकिन कुछ समय बाद उसकी मौत की सूचना परिवार को मिली।

गुहला थाना के एसएचओ वीरभान ने बताया कि अब तक चार नाबालिगों को निरुद्ध कर एक बालिग आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

गौरतलब है कि वॉलीबॉल मैच को लेकर हुए विवाद के बाद 10वीं कक्षा के छात्र पर डंडों और कृपाण से हमला किया गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पांच नामजद सहित 12 अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब तक पांच आरोपियों को पकड़ा जा चुका है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।

Leave a Reply