News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

केरल के पार्षदों ने देखी गुरुग्राम नगर निगम की कार्यप्रणाली

गुरुग्राम, 14 फरवरी । भाजपा के विकसित केरलम अभियान के अंतर्गत केरल से पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को गुरुग्राम का दौरा किया। नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया गया। इस दौरान निगम प्रशासन द्वारा शहर की कार्यप्रणाली, चल रहे विकास कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तृत प्रस्तुति दी गई।केरल से आए प्रतिनिधिमंडल में रघुनाथ सी. मेनन, पी. कृष्णप्रसाद, वी.ए. सुरेश कुमार, अजय कुमार, उल्लासन पी., राजलक्ष्मी पी., संध्या रानी तथा केपी बिंदु शामिल थे। इन सदस्यों ने गुरुग्राम में किए जा रहे विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में विशेष रुचि दिखाई तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने गुरुग्राम को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और तकनीक आधारित शहर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की तथा विभिन्न क्षेत्रों में अपनाए गए नवाचारों से प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया। नगर निगम अधिकारियों ने स्वच्छता प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट निपटान, सीवर और जल प्रबंधन, सडक़ अवसंरचना, हरित क्षेत्र विकास तथा डिजिटल सेवाओं से जुड़ी पहलों पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि शहर में घर-घर कचरा संग्रहण, मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग, लैंडफिल प्रबंधन, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट निपटान, वर्षा जल संचयन और जलभराव नियंत्रण जैसे क्षेत्रों में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही एकीकृत ऐप और डैशबोर्ड के माध्यम से नगर सेवाओं की निगरानी और शिकायत निवारण को भी सुदृढ़ किया गया है।इस अवसर पर भाजपा हरियाणा संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, प्रदेश महासचिव सुरेंद्र पुनिया, मेयर राजरानी मल्होत्रा, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया, भाजपा नेता तिलकराज मल्होत्रा एवं हरविंद कोहली सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। नगर निगम की ओर से निगमायुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, चीफ इंजीनियर विजय ढाका तथा शहर के पार्षदगण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

बैठक के दौरान दोनों राज्यों के बीच शहरी विकास के सफल मॉडलों, प्रशासनिक नवाचारों और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने गुरुग्राम के विकास मॉडल की सराहना करते हुए इसे अन्य शहरों के लिए भी उपयोगी बताया। अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के संवाद और अध्ययन दौरे देश के विभिन्न राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और सीखने के अवसर प्रदान करेंगे, जिससे शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply