आनंद मार्ग के रक्तदान शिविर में 60 यूनिट रक्त संग्रह
पूर्वी सिंहभूम, 11 फ़रवरी । आनंद मार्ग और स्वर्गीय कलावती देवी पुण्य स्मृति के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को आयोजित मासिक रक्तदान शिविर में 60 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। यह शिविर आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल की ओर से आयोजित 140 वां मासिक रक्तदान शिविर था।
शिविर में एकत्रित 60 यूनिट रक्त जमशेदपुर ब्लड सेंटर को सौंपा गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ब्लड सेंटर परिसर में 100 पौधों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सेवा, समर्पण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर आनंद मार्ग के सुनील आनंद ने कहा कि जो लोग निस्वार्थ भाव से रक्तदान करते हैं, वे ईश्वर कोटि के मनुष्य हैं, क्योंकि उनका यह कार्य पूर्णतः परोपकार की भावना से प्रेरित होता है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के स्वास्थ्य लाभ के लिए रक्तदान करना सच्ची मानव सेवा है।
आनंद मार्ग प्रचारक आचार्य नवतीतानंद अवधूत और आचार्य जगतात्मानंद अवधूत ने जमशेदपुर ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदाताओं को सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समीर सरकार, मदन प्रसाद श्रीवास्तव, राहुल कुमार, मनोज श्रीवास्तव, मधुकर श्रीवास्तव, काव्यांश श्रीवास्तव, दिव्यांश श्रीवास्तव, ज्ञानव श्रीवास्तव, ज्ञानवी श्रीवास्तव सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।