जेसीएमयू ने की 12 को आहूत हड़ताल पर जाने का फैसला
रांची, 11 फ़रवरी । झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन (जेसीएमयू) सीटू से संबद्ध यूनियन ने बुधवार को कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष को पत्र भेजकर 12 फरवरी को प्रस्तावित एक दिवसीय हड़ताल का समर्थन करते हुए हडताल करने की सूचना दी है। यह जानकारी जेसीएमयू के केंद्रीय महासचिव फागू बेसरा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए दी।
उन्होंने जारी विज्ञप्ति के माध्यम से कहा है कि यूनियन की ओर से भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया गया है कि प्रस्तावित हड़ताल पूर्णतः शांतिपूर्ण, अनुशासित और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि चारों श्रम संहिताओं को तत्काल वापस लिया जाए, क्योंकि इससे श्रमिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने देश में कोयला उद्योग में वाणिज्यिक खनन पर रोक लगाने की मांग की है। बेसरा ने कोल इंडिया लिमिटेड और सिंगरेनी कोलियरी कंपनी लिमिटेड में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को बढ़े हुए एचपीसी वेतन का भुगतान करने की भी मांग की है। यूनियन ने कहा है कि यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। यूनियन ने औद्योगिक विवाद अधिनियम के तहत यह मांग उठाई है कि सरकार की ओर से लागू की जा रही चार श्रम संहिताओं के विरोध में कामगार अपने पूर्व प्राप्त अधिकारों और सेवा शर्तों की रक्षा के लिए हड़ताल करेंगे।