News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलाया सघन अभियान

हरिद्वार, 10 फरवरी । महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए खाद्य सामग्री में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर मंगलवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया और नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि देर रात उपायुक्त गढ़वाल आरएस रावत के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और पवन कुमार की टीम ने इब्राहिमपुर स्थित पनीर एवं दही निर्माण इकाई पुंडीर फैक्ट्री पर छापा मारा। फैक्ट्री बिना फूड लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित पाई गई, जिस पर उसे अग्रिम आदेशों तक बंद करा दिया गया। मौके से पनीर और दही के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए।

उन्होंने बताया कि कांवड़ पटरी मार्ग चंडी पुल से चिड़ियापुर तक अस्थाई खाद्य स्टॉलों और भंडारों का निरीक्षण किया गया तथा रेट लिस्ट चस्पा करने, कूड़े के उचित निस्तारण और खाद्य पंजीकरण के निर्देश दिए गए। वहीं इंडस्ट्रियल एरिया में कोल्ड ड्रिंक के दो गोदामों से माजा और फेंटा के नमूने जांच के लिए लिए गए और अनियमितताओं पर नोटिस जारी किए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में पंत द्वीप पार्किंग क्षेत्र में 12 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें तीन को फूड लाइसेंस न होने पर नोटिस दिया गया। एक रेस्टोरेंट से छह एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक्स जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराई गईं।

Leave a Reply