मेलाधिकारी ने मेला तैयारियों को लेकर किया भ्रमण
हरिद्वार, 10 फ़रवरी । कुम्भ मेला 2027 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मेलाधिकारी सोनिका ने मंगलवार को बहादराबाद क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने धनौरी-सिडकुल लिंक मार्ग पर पथरी रौ नदी पर निर्माणाधीन 90 मीटर स्पान के दो लेन कंपोजिट स्टील पुल का स्थलीय निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग के अभियंताओं को उच्च गुणवत्ता एवं समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सोनिका ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा व भीड़ प्रबंधन के दृष्टिगत तैयारियों को तेज किया गया है। उन्होंने पुल निर्माण कार्य की नियमित प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करने पर भी जोर दिया।
इस पुल का निर्माण रु. 16.59 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। 31 अक्टूबर तक पूरा किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित मेला प्रशासन और सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।