News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

आईपीएल 2026: दिल्ली कैपिटल्स ने इयान बेल को बनाया सहायक कोच

नई दिल्ली, 10 फ़रवरी । दिल्ली कैपिटल्स ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 सीज़न से पहले इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज़ इयान बेल को टीम का सहायक कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइज़ी ने मंगलवार (10 फरवरी) को सोशल मीडिया के ज़रिए इस फैसले की आधिकारिक पुष्टि की।

118 टेस्ट, 161 वनडे और 8 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके इयान बेल का यह आईपीएल में बतौर कोच पहला अनुभव होगा। इससे पहले वह किसी भी आईपीएल फ्रेंचाइज़ी के साथ नहीं जुड़े रहे हैं। हालांकि, 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद बेल ने कोचिंग के क्षेत्र में खासा अनुभव हासिल किया है।

इयान बेल इंग्लैंड लायंस और अंडर-19 टीमों के साथ काम कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने 2024 में इंग्लैंड दौरे के दौरान श्रीलंका की टेस्ट टीम के बल्लेबाज़ी कोच के रूप में भी भूमिका निभाई थी। वह 2023 वनडे वर्ल्ड कप से पहले इंग्लैंड दौरे पर आई न्यूज़ीलैंड पुरुष टीम के साथ भी कुछ समय के लिए जुड़े रहे। इसके साथ ही बेल इंग्लैंड की ‘द हंड्रेड’ लीग में बर्मिंघम फीनिक्स पुरुष टीम के सहायक कोच की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

दिल्ली कैपिटल्स के साथ इयान बेल उस कोचिंग स्टाफ का हिस्सा होंगे, जिसकी अगुवाई डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट वेणुगोपाल राव कर रहे हैं। टीम के मुख्य कोच हेमंग बदानी और गेंदबाज़ी कोच मुनाफ पटेल पहले से ही सपोर्ट स्टाफ में शामिल हैं।

गौरतलब है कि आईपीएल 2025 में ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू मॉट दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच थे। टीम ने सीज़न की अच्छी शुरुआत के बावजूद अंत में लड़खड़ाते हुए पांचवें स्थान पर रहकर प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई थीं।

———–

Leave a Reply