News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

सिरसा: आठ नशा तस्कर गिरफ्तार, हेरोइन, गांजा व चूरापोस्त बरामद

सिरसा, 08 फ़रवरी । स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए आठ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये की हेरोइन, गांजा, चूरापोस्त, नशीली गोलिया व कैप्सलू बरामद किए हैं। सीआईए कालांवाली प्रभारी सुरेश कुमार ने रविवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव ओढां क्षेत्र में मौजूद थी।

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक आता दिखाई दिया और पुलिस को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से चार किलो चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान गांव तारूआना निवासी सतनाम सिंह के रूप में हुई। इसके अलावा पुलिस ने मंडी कालांवाली से पवीन कुमार को हेरोइन सहित काबू किया है।

चौटाला पुलिस चौकी ने गांव चौटाला क्षेत्र से बिहार निवासी जितेंद्र कुमार को आधा किलोग्राम गांजा सहित काबू किया है। चौकी प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गांव चौटाला के नजदीक भारतमाला पुल क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पैदल आ रहा था जो कि पुलिस टीम को देखकर रूक गया और वापस जाने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे दबोच लिया और उसकी तलाशी ली तो उसके थैले से आधा किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। सीआईए डबवाली पुलिस ने हेरोइन तस्करी मामले में जगसीर को गिरफ्तार किया है।

सीआईए प्रभारी राजपाल ने बताया कि पुलिस ने गांव देसूजोधा क्षेत्र से पंजाब निवासी बीरबल व सुखविंद्र को हेरोइन सहित काबू किया था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें जगसीर ने हेरोइन सप्लाई की थी। डबवाली शहर थाना पुलिस ने हेरोइन तस्करी मामले में वांछित आरोपी डबवाली निवासी सुखजीवन को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने डबवाली प्रतिबंधित आठ सौ नशीली गोलियां व कैप्सूल सहित इंद्राज, सतबीर व अनुज को गिरफ्तार किया है। चौटाला पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव चौटाला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान तीन युवक आते दिखाई दिए जिन्हें शक के आधार पर रोक कर तलाशी ली तो उनके कब्जे से नशीली गोलियो व कैप्सूल बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में अभियोग दर्ज किया गया है।

Leave a Reply