केंद्रीय बजट पूरी तरह से सर्वसमावेशी और देश की जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाला हैः अजय टम्टा
जबलपुर, 08 फ़रवरी । केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया केंद्रीय बजट पूरी तरह से सर्वसमावेशी है। यह बजट देश की जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है, यह बजट विकसित भारत का रोडमैप प्रस्तुत करेगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा रविवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर में भाजपा कार्यालय रानीताल में बजट 2026 पर आयोजित व्यापारी एवं उद्योग संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप देश की आर्थिक मजबूती, अधोसंरचना विस्तार और भविष्य की तकनीकों का रोडमैप करने वाला है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने की। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक अभिलाष पांडे, व्यापारी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक शरद अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, पूर्व महापौर प्रभात साहू, महामंत्री पंकज दुबे, रंजीत पटेल मंचासीन थे।
केन्द्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा केंद्र सरकार का यह बजट ‘‘सबका साथ, सबका विकास’’ के मंत्र को धरातल पर उतारने वाले बजट है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हर परिवार, हर समाज और हर वर्ग के लिए संसाधनों और अवसरों का प्रावधान किया है। केंद्र सरकार ने बजट में टैक्सटाइल से लेकर, इन्फ्रास्ट्रक्चर, कृषि, सेवा और शिक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों के लिए तो बड़ी घोषणाएं की हैं, साथ में उन्होंने आगामी भविष्य की जरूरतों को देखते हुए कंटेंट क्रिएटर्स, पर्यटन और एआई के लिए कई सौगातें दी है। बजट के माध्यम से यह सभी घोषणाएं दर्शाती हैं कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित और स्वावलंबी भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने के कर्तव्य को पूरा किया है।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। भारत वर्ष 2027 तक विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। पछले चार वर्षों से भारत विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है। भारतीय अर्थव्यवस्था और बजट की प्रमुख विशेषताओं को रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि भारत की जीडीपी पिछले दस वर्षों में 2 ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर 4.3 ट्रिलियन डॉलर हो चुकी है।
अप्रैल से दिसंबर के बीच महंगाई दर घटकर मात्र 1.7 फीसदी रही है, जो विश्व में सबसे कम है। राजकोषीय घाटे को 4.4 प्रतिशत तक सीमित रखा गया है और अगले वर्ष इसे 4.3 प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य है। इन्फ्रास्ट्रक्चर निवेश को 2014 के 2 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 12 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाया गया है।
इस अवसर पर राममूर्ति मिश्रा, अरविन्द पाठक, राजेश मिश्रा, मनीष जैन कल्लू, संकल्प पाठक, विवेक अग्रवाल, विभा उपाध्याय, श्रीकान्त साहू, राहुल दुबे, रवि शर्मा, कमलेश नामदेव, योगेश बिलोहा, कुसुम चौबे, रूपा राव, प्रणय गुप्ता, शैलेन्द्र विश्वकर्मा, प्रशांत दुबे, प्रतिभा भापकर आभा साहू, सारिका राय के साथ बड़ी संख्या में व्यापारी एवं कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।