उत्तर पश्चिम रेलवे स्वदेशी टक्कर रोधी कवच प्रणाली पर कर रहा काम, 2600 करोड़ हाेंगे खर्च
जयपुर, 06 फ़रवरी । उत्तर पश्चिम रेलवे पर स्वदेशी टक्कर रोधी कवच प्रणाली पर काम कर रहा है। इस पर करीब 2600 करोड़ रुपए खर्च हाेंगे। वर्ष 2026-27 में रेलवे को अभी तक का सबसे अधिक रिकार्ड 2.78 लाख करोड़ रूपये के बजट का प्रावधान किया गया है। राजस्थान के लिए वर्ष 2026-27 के बजट में पहली बार 10 हजार करोड़ रूपये से अधिक 10228 करोड़ रूपयेे प्रदान किए गए है। राजस्थान में 56000 करोड़ रूपए से अधिक के कार्य प्रगति पर है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार संरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के 5561 किलोमीटर रेल मार्ग में लगभग 2600 करोड़ रूपये की लागत के साथ स्वदेशी टक्कर रोधी कवच प्रणाली का कार्य स्वीकृत है। कवच एक स्वदेशी रूप से विकसित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली है। इसे ट्रेन की गति की निगरानी और नियंत्रण करके दुर्घटनाओं को रोकने के लिए डिज़ाइन किया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे पर 1586 किलोमीटर रेल मार्ग पर कवच की स्थापना के लिए कार्य प्रगति पर है जिसका 55 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। 300 टावर निर्माण और 2660 किलोमीटर आप्टिकल फाइबर केबल डालने के कार्य प्रगति पर है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने वर्ष 2026-27 में 250 किलोमीटर रेलमार्ग में कवच प्रणाली स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मण्डलों में कवच प्रणाली स्थापित हो जाने से रेलवे संरक्षा बेहतर व सुदृढ़ होगी। इस वर्ष के बजट में भी कवच के कार्य को अत्याधिक महत्त्व दिया गया है ताकि कवच प्रणाली स्थापित करने का कार्य सुगमता से हो सके।