News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

फरीदाबाद : जस्ट डायल पर फर्जी विक्रेता बनकर की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद, 06 फरवरी । जस्ट डायल प्लेटफॉर्म पर फर्जी विक्रेता बनकर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी को साइबर थाना सैंट्रल की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि सेक्टर-85, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सैंट्रल में शिकायत दर्ज करवाई कि उसे कुछ इलेक्ट्रॉनिक सामान की आवश्यकता थी। उसने जस्ट डायल एप के माध्यम से संबंधित विक्रेता का नंबर प्राप्त कर संपर्क किया और सामान ऑर्डर किया। आरोपी द्वारा विश्वास में लेकर उससे अग्रिम भुगतान के रूप में कुल 13 लाख 30 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए गए। निर्धारित समय पर सामान न मिलने पर जब शिकायतकर्ता ने दोबारा संपर्क किया तो आरोपी बहाने बनाकर समय टालता रहा। बाद में कॉल उठाना भी बंद कर दिया, जिससे पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। शिकायत के आधार पर साइबर थाना सैंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ईस्ट दिल्ली निवासी विकास (44) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने जस्ट डायल पर फर्जी आईडी बनाकर स्वयं को इलेक्ट्रॉनिक सामान का विक्रेता दर्शाया था। उसने ऑर्डर के नाम पर पैसे अपने बैंक खाते में मंगवाकर सामान की डिलीवरी नहीं की। आरोपी को आज अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

Leave a Reply