News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

नागदा : विद्यार्थियों के बाल स्कूल में काटने पर जांच टीम का गठन

नागदा, 05 फरवरी । मध्‍य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा में संचालित भारत कॉमर्स विद्यालय में प्राचार्य के.बी. गुप्ता द्वारा विद्यार्थियों के केंची से बाल काटने की घटना को प्रशासन गंभीरता से लिया है। एसडीएम रंजना पाटीदार ने स्वतः संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यों की जांच टीम का गठन किया है। टीम से प्रतिवेदन मांगा गया है।

टीम में नायब तहसीलदार देवेश गोखले (नागदा), प्रभारी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गुरुदत्त जोशी (खाचरौद) और बीआरसी पुष्पेंद्र जोशी (खाचरौद) को शामिल किया गया है। इस जांच के चलते बच्चों के साथ हुई कथित अमानवीय क्रूरता को लेकर मामला मानव अधिकार आयोग के पास पहुंच रहा है। मानव अधिकार एक्टिविस्ट योगेश शुक्ला द्वारा इस प्रकार की घटना को दबाने तथा बच्चों के साथ कथित हरासमेंट को लेकर मानव अधिकार आयोग भोपाल और उज्जैन में शिकायत की जा रही है। इस मामले के बाद शहर के इस प्रतिष्ठित स्कूल की गिरती साख पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

गौरतलब है कि गत दिनों प्राचार्य श्री गुप्ता ने कक्षाओं में स्वयं पहुंचकर एक दर्जन से अधिक विद्यार्थियों के बाल बेतुके तरीके से केंची से काटे थे। प्राचार्य ने लगभग छह माह पहले इस स्कूल में कार्यभार संभाला है। वे नवोदय स्कूल बुरहानाबाद से रिटायरमेंट के बाद यहां आए हैं।

जांच टीम ने जुटाए तथ्य

जांच टीम के सदस्य प्रभारी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जोशी से संपर्क करने पर उन्होंने इस बात की पुष्टि की है कि एसडीएम ने जांच टीम का गठन किया है। टीम के सदस्यों ने स्कूल पहुंचकर प्राचार्य श्री गुप्ता, स्टाफ, पीड़ित विद्यार्थियों और अभिभावकों के कथन लिए हैं। शीघ्र ही जांच प्रतिवेदन सौंपा जाएगा।

क्या बोले टीम के सदस्य

नागदा नायब तहसीलदार देवेश गोखले ने बताया कि भारत कॉमर्स विद्यालय में बच्चों के बाल काटने के मामले में एसडीएम ने जांच टीम का गठन किया है। शिक्षा विभाग के दो अधिकारी भी उसमें शामिल हैं। अभी जांच प्रतिवेदन प्रक्रिया में है।

जांच पूरी हो गई

खाचरौद प्रभारी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, गुरुदत्त जोशी का कहना है कि भारत कॉमर्स स्कूल में बच्चों के बाल काटने की घटना की जांच टीम में मुझे शामिल किया गया। स्कूल पहुंचकर हमने बच्चों, स्टाफ और अभिभावकों के बयान लिए हैं। शीघ्र प्रतिवेदन सौंपा जाएगा।

मानव अधिकार आयोग में शिकायत

मानव अधिकार एक्टिविस्ट के योगेश शुक्ला ने बताया कि भारत कॉमर्स स्कूल में बच्चों के बाल प्राचार्य के.बी. गुप्ता ने क्रूरता के साथ काटे हैं। भारत कॉमर्स विद्यालय की अपनी गरिमा है, लेकिन इस विद्यालय में अनुशासन के नाम पर कानून को हाथ में लेने का अधिकार प्राचार्य को नहीं है। इस क्रूरतापूर्ण कार्य पर दंडात्मक कार्रवाई के लिए मानव अधिकार आयोग में शिकायत की जा रही है। यह एक अमानवीय कृत्य है। इस घटना के खिलाफ पालकगण भी स्कूल पहुंचे थे।

Leave a Reply