कैथल : मूक-बधिर बच्चों ने कराटे प्रतियोगिता में जीते सिल्वर व ब्रॉन्ज मेडल
कैथल, 04 फ़रवरी । हौसला बुलंद और मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो शारीरिक चुनौतियां कभी बाधा नहीं बनतीं। इसे सच कर दिखाया है होली पथ स्कूल छात्रों ने। यह स्कूल जिला रेडक्रास सोसायटी के सहयोग एवं अनहद एजुकेशन एंड हेल्थ वेलफेयर सोसायटी द्वारा मंदबुद्धि एवं मूक बधिर बच्चों के लिए संचालित किया जा रहा है।
स्कूल के सात बच्चों ने पानीपत में आयोजित नाैवीं वाडो नेशनल कराटे-डू चैंपियनशिप 2025-26 में शानदार प्रदर्शन कर पदक प्राप्त किए। इन विशेष बच्चों को डीसी अपराजिता ने बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में सम्मानित किया। बता दें कि गत दिनों पानीपत में आयोजित इस नेशनल चैंपियनशिप में होली पथ स्कूल के मूक-बधिर बच्चों ने फूर्ती दिखाई थी। इस प्रतियोगिता में पांच बच्चों ने सिल्वर तथा दो बच्चों ने ब्रांज मेडल जीत कर जिले का नाम रोशन किया। बच्चों की इस उपलब्धि पर डीसी अपराजिता ने उन्हें प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया और बधाई दी।
सम्मान समारोह के दौरान बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए डीसी ने कहा कि इन बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी भी बाधा से बड़ी होती है। मूक-बधिर होने के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना कोई छोटी बात नहीं है। इन बच्चों ने न केवल मेडल जीता है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति को यह संदेश दिया है कि मेहनत और एकाग्रता से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर जिला रेडक्रास सोसायटी के सचिव रामजी लाल मौजूद रहे।