कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित
जांजगीर-चांपा 04 फरवरी । कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में आज बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में औद्योगिक विकास, निवेश को सुगम बनाने और हितग्राहीमूलक योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने उद्योगों को बढ़ावा देने आवश्यक समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर महोबे ने कहा कि जिले में औद्योगिकीकरण की अपार संभावनाएं हैं, जिनका समुचित उपयोग कर स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में उपलब्ध संसाधनों और औद्योगिक संभावनाओं के आधार पर औद्योगिक इकाई विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही सिंगल विंडो सिस्टम एवं भू-अर्जन से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र निराकृत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।