भोपाल में मासूम इब्राहिम की मौत मामले में पिता गिरफ्तार, फरार अपराधियों को घर में देता था पनाह, अवैध हथियार बरामद
भोपाल, 03 फ़रवरी । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गौतम नगर इलाके में तीसरी कक्षा के छात्र इब्राहिम की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके पिता रिजवान लाला को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि रिजवान लाला अपने घर में फरारी काट रहे अपराधियों को शरण देता था। पुलिस ने उसके मकान से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं, जिसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इब्राहिम की मौत के बाद मामले की गहन जांच की गई, जिसमें रिजवान लाला की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह पुष्टि हुई कि वह लंबे समय से फरार अपराधियों को अपने घर में ठहरने की सुविधा देता था।
घर से देसी पिस्टल समेत अवैध हथियार जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने रिजवान लाला के घर से एक देसी पिस्टल सहित अन्य हथियार बरामद किए हैं। इन हथियारों के लिए कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया, जो सीधे तौर पर आर्म्स एक्ट का उल्लंघन है। इसी आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू की है।
पिता की गिरफ्तारी से बदला केस का रुख
शुरुआत में इब्राहिम की मौत को लेकर आत्महत्या या दुर्घटना की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पिता की गिरफ्तारी के बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घर में रखे हथियार किसके थे, उनका इस्तेमाल किन-किन आपराधिक मामलों में हुआ और फरार अपराधियों से रिजवान लाला के क्या संबंध थे।
तीन टीमों को सौंपी गई जांच
पुलिस ने पूरे मामले की जांच के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की हैं। साथ ही एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इब्राहिम को गोली किस हथियार से लगी और उस समय परिस्थितियां क्या थीं। पुलिस का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं को गंभीरता से खंगाला जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।