जिलाधिकारी ने भगौतीपुर ट्रामा सेंटर का निरीक्षण किया
औरैया, 03 फरवरी । जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने मंगलवार को सदर ब्लॉक के ग्राम भगौतीपुर (भाऊपुर) में निर्मित ट्रामा सेंटर का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं को परखा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार को निर्देश दिए कि ट्रामा सेंटर भवन में समुचित साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ट्रामा सेंटर में एक्सरे मशीन आदि चिकित्सकीय उपकरणों के साथ-साथ फर्नीचर तथा बेड आदि के उपलब्धता की जानकारी पूछने पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया गया कि ट्रामा सेंटर के फर्नीचर तथा बेड की उपलब्धता है। चिकित्सालय में उपलब्ध अतिरिक्त एक्सरे मशीन व टेक्नीशियन की तैनाती ट्रामा सेंटर में की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने ट्रामा सेंटर में कार्मिकों की नियुक्त तथा विद्युत आपूर्ति के संबंध में पूछा तो मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि ट्रामा सेंटर की विद्युत आपूर्ति ग्रामीण क्षेत्र के फिडर से होने के कारण शत-प्रतिशत विद्युत आपूर्त नहीं हो पाती है तथा कार्मिकों की नियुक्ति के संबंध में शासन को पत्राचार किया जा चुका है।