News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

गुरुग्राम: टोल मांगने पर तोड़े बैरियर व की फायरिंग, तीन गिरफ्तार

गुरुग्राम, 30 जनवरी । यहां टोल प्लाजा पर टोल फीस मांगने पर स्कॉर्पियो सवार युवकों ने गाड़ी की टक्कर से टोल बैरियर ही तोड़ डाले। आरोपियों ने वहां फायरिंग भी की। गुरुवार की देर रात की इस घटना में पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों ने केवल टोल प्लाजा पर ही नहीं, बल्कि आपसी रंजिश में हत्या की नीयत से अन्य जगहों पर भी गोलियां चलाई थीं।

टोल प्लाजा के कर्मचारी आरिफ के मुताबिक गुरुवार की रात काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी गुरुग्राम-सोहना रोड स्थित घामड़ोज टोल प्लाजा पर पहुंची। गाड़ी चला रहे युवक ने गाड़ी टोल बैरियर के पास गाड़ी जाकर रोकी। युवक ने बूम बैरियर खोलने को कहा। इसी दौरान टोल कर्मी के साथ गाड़ी चला रहा युवक बहस करने लगा। बहस करते-करते उसने पिस्टल निकाल ली। इसके बाद टोल कर्मी ने कहा कि अगर आपकी गाड़ी पर फास्टैग लगा है तो अपने आप ही बैरियर खुल जाएगा। अगर फास्टैग नहीं है तो टोल के लिए फीस नकद देनी पड़ेगी। यह सारा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। गाड़ी में सवार युवक ने पिस्टल निकाला अैर टोल की तरफ फायर कर दिया। इस दौरान दोनों टोल कर्मचारी जान बचाने के लिए भागे। गाड़ी सवार युवक ने एक और फायर टोल की तरफ किया। टोल के प्रबंधक ने बताया कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय टोल से काफी गाडिय़ां गुजर रही थी और काफी गाडिय़ां लाइन में लगी थी। बूथ भी काफी स्टाफ था। आरोपियों द्वारा चलाई गई गोली किसी को भी लग सकती थी।

इस घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों की गाड़ी स्कॉर्पियो का पीछा भी किया, लेकिन वे फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी रही। आखिरकार पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान पहचान बॉबी (25वर्ष ), विनय (26 वर्ष) व पवन (वर्ष 27) के रूप में हुई है। वे गांव कादरपुर के रहने वाले हैं। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि तीनों आरोपियों ने घामड़ोज टोल प्लाजा पर फायरिंग से पहले उन्होंने कादरपुर गांव की झील की ढाणी में रोहित नामक व्यक्ति के घर पर हत्या की नीयत से फायरिंग की।

Leave a Reply