News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

अल्ट्रासोनिक तकनीक से उद्योग जगत को मिलेगा नया आयाम

जौनपुर, 29 जनवरी । यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्रो.राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल साइंसेज फॉर स्टडी एंड रिसर्च में भौतिक विज्ञान विषय के अंतर्गत शोधार्थी अनुराग सिंह की डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) उपाधि हेतु सार्वजनिक मौखिक परीक्षा सफलतापूर्वक गुरुवार को सम्पन्न हुई।

इस अवसर पर अनुराग सिंह ने “औद्योगिक प्रयोजनों के लिए एडवांस मैटेरियल्स के यांत्रिक, ऊष्मीय एवं पराश्रव्य (अल्ट्रासोनिक) गुणधर्मों का अध्ययन” विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उनके शोध कार्य में उन्नत सामग्रियों की प्रत्यास्थता, तन्यता, कठोरता, ऊष्मीय चालकता तथा पराश्रव्य तरंगों की क्षीणता का तुलनात्मक विश्लेषण किया गया। जिससे औद्योगिक उपयोग हेतु उपयुक्त सामग्रियों की पहचान संभव हो सके। मौखिक परीक्षा समिति में विषय विशेषज्ञ प्रो० (डॉ०) राजाराम यादव, पूर्व कुलपति वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय एवं शोध निर्देशक प्रो० देवराज सिंह सहित संस्थान के प्राध्यापकगण और शोधार्थी उपस्थित रहे।

शोध निर्देशक प्रो० देवराज सिंह ने बताया कि अनुराग सिंह अपने शोधकाल में अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में 15 शोध पत्र प्रकाशित कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। समिति ने उनके उत्कृष्ट शोध, गुणवत्तापूर्ण प्रकाशन एवं वैज्ञानिक प्रस्तुतियों को ध्यान में रखते हुए अनुराग सिंह को पीएचडी (भौतिकी) उपाधि प्रदान करने की संस्तुति की।

Leave a Reply