सीएसजेएमयू ‘एक्सप्लोर 75 डिस्ट्रिक्ट’ के तहत पत्रकारिता के छात्रों ने बनाई डॉक्यूमेंट्री फिल्म
कानपुर, 24 जनवरी (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में कल्याणपुर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के छात्रों ने राज्य के 75 जिलों के बारे में 75 वीडियो बनाकर उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। इन सभी वीडियाे के जरिए उत्तर प्रदेश पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी बनाई गई जाे इतिहास, भूगोल, आर्थिक पृष्ठभूमि, धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहराें काे प्रदर्शित किया गया है। यह जानकारी शनिवार को विभागध्यक्ष डॉ दिवाकर अवस्थी ने दी।
विभागध्यक्ष डॉ दिवाकर अवस्थी ने बताया कि वीडियो के माध्यम से छात्रों ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के ऐतिहासिक, राजनीतिक, सामाजिक व सांस्कृतिक गाथाओं का वर्णन किया है। उन्होंने कहा कि सभी वीडियो एक मिनट की बनाई गई है, इसी प्रकार 75 जिलों का कुल 75 वीडियो 75 मिनट का तैयार किया गया है।
डॉ दिवाकर ने बताया कि स्थापना दिवस कार्यक्रम में विभाग की तरफ से तैयार उत्तर प्रदेश के डॉक्यूमेंट्री फिल्म को दिखाई गई । डॉक्यूमेंट्री फिल्म के माध्यम से छात्रों ने उत्तर प्रदेश के इतिहास, भूगोल, आर्थिक पृष्ठभूमि, धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहर, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट को विस्तार से जाना । कार्यक्रम में 75 जिलों पर 75 वीडियो बनाने वाले सभी छात्रों ने अपने अनुभव साझा किया। सभी छात्र-छात्राओं ने उत्तर प्रदेश की समृद्धि और पत्रकारिता के माध्यम से उत्कृष्ट योगदान देने का संकल्प भी लिया।
विभागाध्यक्ष डॉ दिवाकर अवस्थी ने कहा कि “एक्सप्लोर 75 डिस्ट्रिक्ट” के तहत पत्रकारिता के सभी छात्र अलग-अलग जिलों पर स्क्रिप्ट बना कर स्वयं मोबाइल से एंकरिंग एवं एडिटिंग कर पूरा वीडियो बनाया है, ये विभाग की बहुत बड़ी उपलब्धि है। पत्रकारिता के छात्रों का कौशल विकास हो, इस उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रमों में सभी छात्रों की सहभागिता की गई । सभी 75 वीडियो को विश्वविद्यालय व विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया गया है ।
इस मौके पर सह आचार्य डॉ योगेंद्र पांडेय, सहायक आचार्य डॉ जितेंद्र डबराल, डॉ ओमशंकर गुप्ता, डॉ रश्मि गौतम, डॉ हरिओम कुमार, सागर कनौजिया एवं विभाग के सभी विधार्थी उपस्थित रहे।