महिला कांग्रेस ने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर दिया जोर
देहरादून, 22 जनवरी । महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी सुनीता गावडे ने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए राज्य में संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने महिला कांग्रेस पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त करने और प्रत्येक बूथ पर कम से कम दो महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी सुनीता गावडे ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में गढ़वाल मंडल के पदाधिकारियों की एक बैठक की। इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने की। बैठक में राज्य प्रभारी गावडे ने कहा कि नेतृत्व महिला कांग्रेस को चुनावों में उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा और जहां महिला प्रत्याशी मजबूत होंगी, वहां उन्हें पूरा अवसर मिलेगा।
सुनीता गावडे ने भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा दिया जा रहा है वहीं दूसरी ओर देश और प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भाजपा की महिला विरोधी नीतियों के खिलाफ पूरी मजबूती से संघर्ष करने का आह्वान किया।
इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने सुनीता गावडे और पूनम पंडित का स्वागत करते हुए कहा कि महिला कांग्रेस राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में प्रदेश में संगठन को मजबूत कर रही है। उन्होंने बताया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित विभिन्न जनहित मुद्दों पर महिला कांग्रेस ने लगातार आवाज उठाई है और आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की भारी बहुमत से वापसी के लिए संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोड़ा,राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सहप्रभारी पूनम पंडित,प्रदेश, जिला एवं महानगर पदाधिकारी उपस्थित रहे।