श्रमिकों को पेंशन सुरक्षा का लाभ दिलाने नगर निगम परिसर में लगा शिविर
धमतरी, 22 जनवरी । असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और छोटे व्यापारियों को सामाजिक सुरक्षा व पेंशन सुविधा से जोड़ने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा नगर निगम कार्यालय परिसर में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना एवं एनपीएस-ट्रेडर्स योजना के तहत आज गुरुवार को पंजीयन शिविर आयोजित किया गया है। पहले दिन शिविर में 100 से भी अधिक लोग जानकार लेने पहुंचे। शिविर 23 जनवरी को भी आयोजित है।
यह पंजीयन कामन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से किया जा रहा है। नगर निगम कार्यालय परिसर के पार्किंग स्थल में आयोजित इस शिविर में शहरी क्षेत्र के पात्र हितग्राही आसानी से पहुंचकर पंजीयन करा सकते हैं। योजना के अंतर्गत 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के असंगठित श्रमिक शामिल हो सकते हैं। पंजीयन के बाद पात्र हितग्राहियों को भविष्य में मासिक पेंशन का लाभ मिलेगा, जिससे वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। श्रम विभाग एवं नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि दैनिक मजदूर, रिक्शा एवं आटो चालक, घरेलू कामगार, ठेला-हाकर, छोटे दुकानदार, छोटे व्यापारी सहित अन्य पात्र व्यक्ति अधिक से अधिक संख्या में शिविर स्थल पर पहुंचकर सीएससी काउंटर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीयन कराएं और योजना का लाभ उठाएं।
पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज
आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण या पासबुक, मोबाइल नंबर तथा नॉमिनी का आधार कार्ड अनिवार्य है। शिविर स्थल पर मौजूद कर्मचारी हितग्राहियों को योजना की पात्रता, शर्तों और लाभों की जानकारी भी दे रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग समय पर पंजीयन कर सामाजिक सुरक्षा का लाभ प्राप्त कर सकें।