तेज रफ्तार कार ने महिला सहित दाे को रौंदा, गंभीर
धनबाद, 01 जनवरी । शहर के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत सत्यम नगर स्थित धनबाद-बरवाअड्डा मुख्य सड़क पर गुरुवार की सुबह तेज रफ्तार एक कार ने सड़क किनारे खड़ी एक महिला और एक युवक को कुचल दिया। हादसे के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे लगे बिजली के एक पोल से जा टकराई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में युवक रफीक अंसारी (25) और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों के अनुसार, दोनों लोग बस पकड़ने के लिए सड़क के किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया और दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों दूर जा गिरे और कार पोल से जा भिड़ी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को सड़क से उठाया और एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों ने घटना के लिए तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालक को जिम्मेदार ठहराया है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश है।
सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार संख्या (जेएच10सीडब्ल्यू-2386 )को जब्त कर थाना ले गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।