गुरुग्राम के रास्ते पंजाब से बिहार ले जायी जा रही अवैध शराब से भरा कैंटर पकड़ा
गुरुग्राम, 25 नवंबर । हरियाणा स्टेट एनफोर्समेंट ब्यूरो गुरुग्राम की टीम ने मंगलवार को अवैध अंग्रेजी शराब की भारी खेप पकड़ी। इस दौरान दो आरोपियों को भी पुलिस ने काबू किया। पुलिस को पचगांव के पास केएमपी टोल प्लाजा के निकट नाकेबंदी के दौरान यह सफलता मिली। थाना हरियाणा स्टेट एनफोर्समेंट ब्यूरो गुरुग्राम की पुलिस टीम एएसआई संदीप के नेतृत्व में टोल प्लाजा पंचगांव क्षेत्र में पेट्रोलिंग पर थी। तभी पुलिस टीम को विश्वनीय सूत्रों के माध्यम एक सूचना मिली कि एक कैंटर में प्लास्टिक कट्टों में छिपाकर अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है। इस सूचना पर तत्पर कार्यवाही करते हुए टीम ने तुरंत नाकाबंदी करके वाहनों की तलाशी लेनी शुरू कर दी। पुलिस टीम ने बताए गए कैंटर को भी रुकवाया और तलाशी ली। कैंटर में प्लास्टिक कट्टों में भरी रेक्जीन कतरन (कबाड़) के नीचे अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाकर ले जायी जा रही थी। इसका खुलासा होते ही पुलिस टीम ने कैंटर के चालक व परिचालक को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान नवीन निवासी सोलधा, जिला झज्जर (कैंटर चालक) सन्नी निवासी गांव खोड़ जिला गुरुग्राम वर्तमान निवासी सेक्टर-9, बहादुरगढ़ (सहायक) के रूप में हुई। दोनों आरोपी शराब से सम्बन्धित कोई लाइसेंस/परमिट या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जा से एक कैंटर जिसमें रखी 97 प्लास्टिक/रेग्जीन (कबाड़े) के कट्टे व कबाड़े के बीच में छिपाकर रखी 220 पेटी अंग्रेजी शराब रॉयल स्टैग, 55 पेटी अंग्रेजी शराब ऑल सीजन सहित कुल 275 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। आरोपियों द्वारा पेश की गई बिल्टी दस्तावेज 5 पेज (कबाड़े की बिल्टी) बरामद करने पर आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना हरियाणा स्टेट एनफोर्समेंट ब्यूरो में केस दर्ज किया गया।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जे से बरामद की गई शराब पर फॉर सेल पंजाब ओनली का लेबल लगा हुआ है। जिसे अवैध रूप से हरियाणा के रास्ते बिहार व अन्य राज्यों में सप्लाई/तस्करी करने के लिए ले जाया जा रहा था। इनके साथियों द्वारा पंजाब से बिहार कबाड़ा ले जाने की बिल्टी कटवाई हुई थी। जिसकी आड़ में ये शराब छुपाकर ले जा रहे थे। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को अदालत में पेश करके दो दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है।