बाबरपुर-फफूंद मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, दो चचेरे भाइयों की मौके पर मौत
औरैया, 23 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के बाबरपुर-फफूंद मार्ग पर बीघेपुर गांव के निकट शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम तुलसीपुर फफूंद निवासी 22 वर्षीय जितेंद्र पुत्र राजेंद्र और उसका चचेरा भाई 25 वर्षीय विकास पुत्र आशाराम शनिवार रात किसी परिचित के निमंत्रण में शामिल होने के लिए बाइक से निकले थे। लगभग 10:30 बजे जब वे बीघेपुर गांव के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक दूर तक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी अजीतमल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार जितेंद्र हादसे के समय हेलमेट पहने हुए था, लेकिन टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उसकी भी जान नहीं बच सकी।
परिजनों व ग्रामीणों के मुताबिक मृतक विकास ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था, जबकि जितेंद्र मजदूरी कर आजीविका चलाता था। दोनों परिवारों की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। ऐसे में इस अचानक हुई दुर्घटना ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और वहां का हृदयविदारक दृश्य हर किसी की आंखें नम कर गया। गांव में पसरा मातम देर रात तक बना रहा।
प्रभारी निरीक्षक अपराध रामचंद्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार वाहन से हुई सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही दुर्घटना करने वाले वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास स्थानों के सीसीटीवी भी खंगाल रही है ताकि वाहन का सुराग मिल सके।