अंता विधानसभा उपचुनाव-2025: मतदान मंगलवार को, आज मतदान दल रवाना
जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि तृृृृतीय और अंतिम प्रशिक्षण देकर कार्मिकों को मतदान केन्द्रों के लिए आज सुबह से रवाना किया जा रहा है। राजकीय स्नातकोत्तर कॉलेज में सुबह आठ बजे से प्रशिक्षण चल रहा है। इसके बाद इवीएम और चुनाव सामग्री के साथ मतदान दलों को लेकर रवाना किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 268 एक्टिव पार्टी को इवीएम मशीन के साथ प्रशिक्षण देकर रवाना किया जा रहा है। हर पार्टी में 4-4 कार्मिकों को शामिल किया गया है। इसके अलावा 29 रिजर्व पार्टी ओर 16 एक्स्ट्रा पार्टी रिजर्व रखी गई है।
इससे पूर्व मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि मतदान दल प्रशिक्षण स्थल से मतदान सामग्री प्राप्त कर आवंटित वाहन से पुलिस बल, वीडियोग्राफर व माइक्रो ऑब्जर्वर के साथ निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार चैक पोस्ट पर एन्ट्री कराते हुए संबंधित मतदान केन्द्र पर पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र व भयमुक्त माहौल में मतदान को लेकर निर्वाचन विभाग की ओर से सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है।
इधर विधानसभा उपचुनाव 2025 के तहत मतदान समाप्ति समय से 48 घंटे पूर्व रविवार शाम 6 बजे से चुनाव प्रचार का शोर थम गया। इन 48 घंटों की अवधि में सार्वजनिक सभाओं को प्रतिबंधित किया गया है। इस अवधि में जुलूस, चलचित्र, टेलीविजन या अन्य माध्यमों से प्रचार नहीं किया जा सकेगा। साथ ही लाउडस्पीकरों के माध्यम से भी प्रचार वर्जित रहेगा। वहीं इस अवधि में कोई भी राजनीतिक व्यक्ति जो उस निर्वाचन क्षेत्र का मतदाता या अभ्यर्थी नहीं है अथवा सांसद या विधायक नहीं है, वह उस निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार समाप्त होने के पश्चात् नहीं ठहर सकेगा।
उल्लेखनीय है कि बारां जिले के अंता में उपचुनाव में 2,27,563 मतदाताओं के लिए 268 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उपचुनाव में कांग्रेस से प्रमोद जैन भाया, बीजेपी से मोरपाल सुमन और निर्दलीय नरेश मीणा के बीच मुकाबला माना जा रहा है। साल 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे समर्थक कंवरलाल मीणा ने यहां से चुनाव जीता था। मगर कंवरलाल मीणा को एसडीएम पर पिस्टल तानने के 20 साल पुराने मामले में सजा होने के बाद मई से उनकी विधायकी खत्म कर दी गई थी, इस कारण अंता में उपचुनाव कराए जा रहे हैं।