News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

गुम्मा में बनेगा 1.14 करोड़ से नया पंचायत घर, मेला होगा खंड स्तरीय : अनिरुद्ध सिंह

मंत्री ने घोषणा की कि गुम्मा मेला अब खंड स्तरीय मेला घोषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और उपायुक्त कार्यालय से दो महीने के भीतर अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। साथ ही उन्होंने गुम्मा में 1 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से नया पंचायत घर बनाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस पंचायत भवन में पुस्तकालय केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर, मीटिंग हॉल, प्रधान, पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक के बैठने की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) चरण-4 के तहत बल्देया से मानड़ सड़क का निर्माण 13 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इस योजना को मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि गुम्मा पंचायत में पिछले दो वर्षों में 52 लाख 95 हजार रुपये विभिन्न मदों में खर्च किए गए हैं, जबकि करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से पंचायत क्षेत्र में सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है।

मंत्री ने कहा कि गुम्मा के सरकारी स्कूल में बायोलॉजी विषय शुरू करने का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने लोगों से कहा कि सड़कों के लिए भूमि हस्तांतरण (गिफ्ट डीड) की प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि विकास कार्यों में गति लाई जा सके। उन्होंने पुराने पंचायत घर की मरम्मत के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने बताया कि आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के किनारे डंगे लगाने का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है। कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से डंगे लगाए जा रहे हैं। गुम्मा पंचायत के तहत सड़कों की मेटलिंग का कार्य अगले 15 दिनों में शुरू हो जाएगा।

मंत्री ने मेले में भाग लेने वाले स्कूली बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए तीन स्कूलों को 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने देवता बथीनदलू महाराज के दर पर शीश नवाया और मेला कमेटी द्वारा उन्हें शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।

मेला कमेटी अध्यक्ष मदन ने स्वागत भाषण में बताया कि गुम्मा मेले का आयोजन पिछले 100 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। यह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपराओं का प्रतीक है। मेले में खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ।

Leave a Reply