युवक की ट्रेन से गिरकर हुई मौत
जानकारी के अनुसार बुधन खान शनिवार को पिपचो स्थित अपनी बहन के घर आया हुआ था। वहीं रविवार को वह आसनसोल- वाराणसी पैसेंजर से यदुडीह हॉल्ट से गझण्डी अपने घर जा रहा था। इसी बीच ट्रेन में उसका संतुलन बिगड़ जाने के कारण वह यदुडीह हाल्ट के समीप तिलोकरी के पास बन रहे रेलवे अंडरपास के समीप ट्रेन से नीचे गिर गया।
इधर ट्रेन के गझण्डी पहुंचने के पश्चात भी जब बुधन खान अपने घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजनों ने उसकी बहन को फोन कर उसके बारे में जानकारी ली। इसके पश्चात बुधन की बहन ने बुधन के मोबाइल पर कॉल किया, उसके मोबाइल में रिंग होने के पश्चात उस ओर से गुजर रहे किसी राहगीर ने उसका फोन उठाया और उसकी बहन को घटना की जानकारी दी। इसके पश्चात मृतक के बहन और बहनोई घटना स्थल पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। घटना की जानकारी मिलते ही जयनगर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेते हुए सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करके परिजनो को सौंप दिया गया। इधर घटना के पश्चात मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।