नेशनल व स्टेट हाइवे सहित सर्विस लाइन से अतिक्रमण हटाए, सीधी खुलने वाली दुकानें व अवैध कट करें बंद-हाईकोर्ट
अदालत ने कहा कि नेशनल व स्टेट हाइवे पर जल्द ही पेट्रोलिंग सिस्टम लागू किया जाए। खंडपीठ ने कहा कि हाइवे पर सीधे ही दुकानें खुलने से उनके सामने वाहन खड़े हो जाते हैं। ऐसा ही हाल हाइवे की सर्विस लाइनों का भी है और वहां भी दो पहिया सहित अन्य वाहन खड़े रहते हैं। ऐसे में इन दुकानों का गेट हाइवे की बजाय दूसरी ओर खोला जाए ताकि वाहनों की पार्किंग से यातायात बाधित नहीं हो। वहीं हाइवे के अवैध कट भी बंद किए जाए। अदालत ने सिटी रोड पर भारी वाहन आने पर भी सवाल उठाया। अतिक्रमण हटाने में जरूरत हो तो फोर्स की मदद ली जाए। सुनवाई के दौरान एएसजी भरत व्यास ने कहा कि मामले मे ंसाल 2010 के रूल्स की क्रियांविति कराई जाएगी। वहीं महाधिवक्ता राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार भी सड़क हादसों को रोकने का प्रयास कर रही है और सीएम के स्तर पर भी तत्काल कार्रवाई की है। अदालत ने केन्द्र व राज्य सरकार का पक्ष जानने के बाद सीएम के प्रयासों की सराहना की।