मोबाइल चोरी का आरोपित गिरफ्तार, चार मोबाइल बरामद
साकची थाना पुलिस ने अपनी त्वरित कार्रवाई से मोबाइल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चंद घंटों में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से कुल चार चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें पीड़ित बहादुर अली का फोन भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ जिला के चितरपुर निवासी बहादुर अली 25 अक्टूबर की रात साकची बाजार पहुंचे थे। भीड़भाड़ के दौरान उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया। अली ने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और तकनीकी निगरानी के साथ-साथ गुप्त सूचना के आधार पर सुराग जुटाए।
जांच के दौरान पुलिस ने पुरूलिया जिला के कांटाडीह निवासी दुर्गा सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए चोरी किए गए मोबाइल फोनों के ठिकाने की जानकारी दी। उसके निशानदेही पर पुलिस ने चार मोबाइल फोन बरामद किया।
सोमवार को थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि चोरी की वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या आरोपित अकेले ही अपराध को अंजाम देता था।