News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

बलरामपुर : सूअर मारने के लिए जंगल में बिछाया था करंट का जाल, ग्रामीण झुलसा, आरोपित दो माह पहले भी जा चुका है जेल

पुलिस के द्वारा शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ग्राम कनकपुर निवासी वीरेंद्र राम 5 अक्टूबर को बगधरी जंगल में अपनी बकरियां चराने गया था। वहीं, गांव का ही छोटेलाल भुईयां (26 वर्ष) ने सूअर मारने के लिए बिजली खंभे से अवैध रूप से तार जोड़कर 11 हजार वोल्ट का करंट प्रवाहित तार जंगल में फैला रखा था। इसी दौरान वीरेंद्र राम उस तार की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। उसे गंभीर हालत में रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद आरोपित छोटेलाल परिवार सहित फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और मुखबिर की सूचना पर 24 अक्टूबर को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मौके से घटना में प्रयुक्त बिजली तार, खूंटी और टांगी बरामद की गई। थाना रामानुजगंज पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 110 बीएनएस और 135 विद्युत अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है।

आरोपित छोटेलाल भुईयां आदतन अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है। इससे पहले भी दो माह पूर्व उसने कनकपुर जंगल में बिजली तार का फंदा बिछाकर जंगली सूअर का शिकार किया था, जिसके मामले में वन विभाग ने वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे जेल भेजा था। हाल ही में वह जेल से छूटकर आया था और पुनः उसी आपराधिक गतिविधि में लिप्त पाया गया।

उल्लेखनीय है कि, वन्यजीवों के अवैध शिकार और बिजली चोरी जैसी हरकतें न केवल कानूनन अपराध हैं बल्कि इंसानों की जान के लिए भी खतरनाक साबित हो रही हैं। यह मामला स्पष्ट संदेश देता है कि शिकार का अवैध जुनून अब अपराधियों को बार-बार सलाखों के पीछे पहुंचा रहा है।

Leave a Reply