News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर गुजरात के एकता नगर में होगा भव्य आयोजन

नेशनल मीडिया सेंटर में शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बीएसएफ के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी ने बताया कि परेड में पहली बार घुड़सवार दस्ते और ऊंट सवार दस्ते, स्वदेशी नस्ल के श्वान दस्तों का प्रदर्शन और विभिन्न मार्शल आर्ट और शस्त्रविहीन युद्धाभ्यास शामिल होंगे।

परेड में महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की भागीदारी को भी रेखांकित किया जाएगा। प्रधानमंत्री को दिए जाने वाले गार्ड ऑफ ऑनर का नेतृत्व एक महिला अधिकारी करेंगी। इसके साथ सीआईएसएफ और सीआरपीएफ की महिलाकर्मी मार्शल आर्ट और शस्त्रविहीन युद्धाभ्यास का प्रदर्शन करेंगी।

उन्होंने बताया कि

इस वर्ष की परेड का प्रमुख आकर्षण एक मार्चिंग दस्ता होगा जिसमें बीएसएफ के विशेष रूप से भारतीय नस्ल के श्वान, गुजरात पुलिस का घुड़सवार दस्ता, असम पुलिस का मोटरसाइकिल डेयरडेविल शो और बीएसएफ का ऊंट दल और ऊंट सवार बैंड शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, देशी श्वान की नस्लें- रामपुर हाउंड्स और मुधोल हाउंड्स- अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। हाल ही में अखिल भारतीय पुलिस श्वान प्रतियोगिता में मुधोल हाउंड रिया ने पहला स्थान प्राप्त किया जो इस वर्ष की परेड में डॉग स्क्वाड का नेतृत्व करेगी।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष की राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में विविधता में एकता थीम को दर्शाने वाली राष्ट्रीय सुरक्षा गारद, एनडीआऱएफ, गुजरात, जम्मू और कश्मीर, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, मणिपुर, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और पुडुचेरी की 10 झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसके साथ-साथ केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में 900 कलाकार भारतीय शास्त्रीय नृत्य का प्रदर्शन करेंगे, जो हमारी संस्कृति और राष्ट्रीय एकता की समृद्ध विविधता को रेखांकित करेगा। एक से 15 नवंबर तक एकता नगर में भारत पर्व का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक प्रदर्शन और एक खान-पान महोत्सव शामिल होगा। इस महोत्सव का समापन 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से जुड़े विशेष कार्यक्रमों के साथ होगा, जिसमें हमारे जनजातीय समुदायों की गौरवशाली संस्कृति पर प्रकाश डाला जाएगा।

————–

Leave a Reply