सोने की तरह चमकी स्वर्णनगरी, पूरा जैसलमेर झिलमिल रोशनी से जगमग
जैसलमेर की पहचान सोनार किला पर कलरफुल लाइटिंग की गई। किले के आसपास की गलियां और चौक भी दीपमालाओं से सजे रहे। शहर के प्रमुख सर्किल हनुमान सर्किल, विजय स्तंभ, व्यास सर्किल, गीता आश्रम सर्किल, एयरफोर्स सर्किल और गड़ीसर सर्किल पर रंगीन लाइटों की आकर्षक झिलमिलाहट ने लोगों को आकर्षित किया।
खूबसूरत लाइटिंग से जगमग शहर की सड़कों पर रात को शहरवासियों के साथ पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। बच्चे और युवाओं ने आतिशबाजी का आनंद लिया, तो परिवार मंदिरों और बाजारों में दीप प्रज्ज्वलित कर एक-दूसरे को बधाइयां देते दिखे। मुख्य बाजारों में मिठाई और सजावटी सामान की दुकानों पर भी दिनभर रौनक रही।
नगर परिषद कमिश्नर लजपाल सिंह ने बताया- इस बार शहर को सजाने के लिए विशेष रूप से एनर्जी-सेविंग एलईडी लाइटों का इस्तेमाल किया गया। इनसे न सिर्फ आकर्षक सजावट हुई, बल्कि बिजली की बचत भी हुई। कई स्थानीय संस्थाओं और व्यापारिक संगठनों ने भी दीपावली की सजावट कर शहर को चमकाने में सहयोग दिया।