News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

गोड्डा में पानी टंकी ढहने से दो बच्चों की मौत, तीन घायल

स्थानीय लोगों के मुताबिक,घटना के वक्त सभी बच्चे पानी टंकी के नीचे स्नान कर रहे थे, तभी अचानक टंकी का पुराना ढांचा ढह गया और भारी मात्रा में कंक्रीट और लोहे के रॉड बच्चों के ऊपर गिर पड़े। ग्रामीणों ने बच्चों को मलबे से बाहर निकाला और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों में धमेन्द्र और मैसा पहाड़िया शामिल हैं।

घटना में घायल हुए तीन बच्चों को गोड्डा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। इनमें से एक बच्चे की हालत गंभीर है, जिसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

दुर्घटना की खबर मिलते ही गोड्डा के उपायुक्त अंजली यादव और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार भी सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।उन्होंने पीड़ित परिजनों को सरकारी सहायता के साथ हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को घटना की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

हादसे के बाद पूरे डाहुबेड़ा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि टंकी की नींव कमजोर थी और लंबे समय से मरम्मत की जरूरत थी, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से ध्यान नहीं दिया गया।

उपायुक्त ने ग्रामीणों की शिकायत पर कहा है कि पानी टंकी निर्माण की गुणवत्ता की जांच की जाएगी और यदि इसमें लापरवाही या तकनीकी खामी पाई गई, तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध और विभागीय पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार भी मौजूद थे।

————-

Leave a Reply