प्लाट बेचने के नाम पर टाइल्स व्यापारी से पांच लाख रुपये हड़पे
सिविल लाइंस क्षेत्र के विशनपुर भीमाठेर निवासी अजीम हुसैन का हरथला में टाइल्स शोरूम है। अजीम हुसैन ने बीते दिनों वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल को शिकायती पत्र देकर बताया कि डिलारी के काजीपुरा निवासी कल्वे हसन, उसकी पत्नी आफ्शा, बेटे उम्मीद अली व शमी और रहमत उनके शोरूम पर जाते-जाते रहते थे। अजीम हुसैन के अनुसार एक दिन कल्वे हसन और अन्य लोगों ने कहा कि उनका भीमाठेर में 100 गज का प्लाट है, जिसे वह जरूरत के चलते बेचना चाहते हैं। इसके बाद आरोपितों ने उस गाटा नंबर की खतौनी देकर प्लाट दिखाया। अजीम हुसैन के अनुसार प्लाट पसंद आने पर उन्होंने बैंक से लोन लेकर और अपनी पत्नी के खाते से पांच लाख रुपये नकद और एक चेक अपने शोरूम पर दे दिया। पीड़ित के अनुसार बाद में बैनामा करने को कहा तो आरोपित टाल-मटोल करने लगे।
शक होने पर खतौनी निकलवाकर चेक कराया तो उस गाटा संख्या पर किसी दूसरे का नाम दर्ज था। पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने आरोपितों से कहा कि तुम लोगों ने कूटरचित खतौनी देकर मुझसे पांच लाख रुपये क्यों लिए तो आरोपित भड़क गए। रकम वापस मांगने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने लगे। शिकायत पर एसएसपी सतपाल अंतिल ने थाना सिविल लांइस को एफआईआर के आदेश दिए थे।
थाना सिविल लांइस मनीष सक्सेना ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर शनिवार को तहरीर के आधार पर पिता-पुत्रों समेत पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, अमानत में खयानत समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।