शिक्षित समाज के निर्माण में शिक्षा की अहम भूमिका : सांसद
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्रों द्वारा पारंपरिक नृत्य एवं संगीत के माध्यम से अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके बाद अतिथियों ने पारंपरिक पत्थर धुलाई कार्यक्रम में भाग लिया। वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनका सभी ने सराहना की।
विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यालय की उपलब्धियों और चुनौतियों की जानकारी दी। वहीं विद्यालय सचिव पीटर भुंइया ने भी संबोधित करते हुए विद्यालय के विकास पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि पुटुंगा विद्यालय ने लंबे संघर्ष के बाद उत्क्रमित उच्च विद्यालय बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज के निर्माण में शिक्षा की अहम भूमिका होती है, लेकिन इसके लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्यालय में बच्चों के खेलने के लिए मैदान और चारदीवारी का निर्माण जल्द कराया जाएगा, साथ ही अन्य समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इस अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सिलबीरयुस तिर्की, सचिव राजू सिंह, संजीव गंताइत, पिंटू जैन, आशीष गंताइत, कोमल भुंइया, अविनाश गंताइत, निर्दोष बोदरा, शिक्षक हेमंत कुमार कालिंदी सहित विद्यालय के बच्चे एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।