News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

बहरोड़, चिमनपुरा, नारेडा सहित आसपास के क्षेत्रों में 1895 टन लोह अयस्क के अवैध भण्डार जब्त

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा अवैध खनन गतिविधियों पर जीरो टालरेंस की नीति पर काम करते हुए सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए जाते रहे हैं।

खान एवं भूविज्ञान विभाग के प्रमुख सचिव टी. रविकान्त ने बताया कि पिछले दिनों जयपुर के भांकरोटा में एक कार्रवाई के दौरान खनिज लोह अयस्क की अवैध गतिविधि पाये जाने पर विभाग द्वारा गोपनीय तरीके से औचक कार्रवाई करने का निर्णय किया गया और इसके लिए अधिकारियों को निर्देश देते ही संभावित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्रवाई के लिए निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा संभावित क्षेत्रों में कार्रवाई जारी होने के साथ ही अब तक करीब एक करोड़ रूपये के लोह अयस्क के अवैध भण्डार की जब्ती की कार्रवाई, दो एफआईआर दर्ज कराई गई है और कार्रवाई जारी है।

अधीक्षण खनि अभियंता एनएस शक्तावत ने बताया कि तीन दिन से जारी औचक निरीक्षण के दौरान 5 स्थानों पर अब तक 1895 टन लोह अयस्क का रॉ खनिज और फिनिश खनिज जब्त करते हुए बहरोड़ थाने और सरुण्ड थाने में दो अलग अलग एफआईआर दर्ज कराई गई है। पहली कार्रवाई बहरोड़ के रीको एरिया में गिरिश मिनरल्स एण्ड ग्राइण्डिंग कंपनी में की गई। यहां पर क्रसर से लोह अयस्क को फिनिश करना पाया गया है। कंपनी में परिसर में 90 टन रॉ लोह अयस्क और 160 टन फिनिश लोह अयस्क का अवैध भण्डारण पाया गया। कंपनी के रेकार्ड में मेसेनरी स्टोन और रेड ऑकर दिखाया गया और मौके पर इनके स्थान पर लोह अयस्क की ढ़ेरियां पाई गई। क्रसर कंपनी के मालिक मौके पर उपलब्ध नहीं मिले पर मौके पर उपलब्ध कंपनी के कार्मिक द्वारा भण्डारित लोह अयस्क के संबंध में संतोष जनक उत्तर नहीं दिया जा सका। विभाग द्वारा बहरोड़ थाने में एमएमडीआर एक्ट की धारा 4 व 21 के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गईं।

विभागीय टीम द्वारा कोटपूतली के ही नारेडा और चिमनपुरा व आसपास के क्षेत्र में 5 स्थानों पर लोह अयस्क के भण्डार को जब्त करते हुए संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। नारेड़ा में जगदंबा धर्म कांटे के पास बांके बिहारी माइन एण्ड मिनरल्स में 295 टन फिनिश लोह अयस्क का अवैध भण्डारित ढे़र जब्त कर सरुण्ड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसी तरह से नीम का थाना के पास 450 टन फिनिश लोह अयस्क और अन्य 150 टन लोह अयस्क की ढ़ेरी जब्त की गई है। चिमनपुरा में 800 टन अवैध भण्डारित लोह अयस्क जब्त किया गया है।

गौरतलब है कि सितंबर माह के पहले सप्ताह में जयपुर के भांकरोटा क्षेत्र में जयपुर माइनिंग इंजीनियर श्याम कापड़ी के निर्देशन में टीम द्वारा अवैध लोह अयस्क पकड़ा था। इसके बाद विभाग द्वारा गोपनीय तरीके से सूचनाएं एकत्रित कर तीन दिन से क्षेत्र में कार्रवाई जारी है। विभाग को प्राप्त इनपुट के अनुसार इसमें जयपुर, सीकर, झुन्झनू, कोटपूतली आदि के अधिकारियों को शामिल कर संभावित क्षेत्रों में कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply